पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपनी प्रगति यात्रा के दौरान शिवहर और सीतामढ़ी जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिवहर जिले में 187 करोड़ रुपए की लागत से 231 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। वहीं, सीतामढ़ी जिले में उन्होंने 236 करोड़ 60 लाख रुपए की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इसके बाद उन्होंने शिवहर और सीतामढ़ी जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षात्मक बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने शिवहर और सीतामढ़ी जिले के विकास के लिए कई प्रमुख घोषणाएं की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन, सीतामढ़ी जिले के जिलाधिकारी रिची पांडेय, शिवहर के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, शिवहर के पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
शिवहर जिले के लिए प्रमुख घोषणाएं
- गन्ना के मूल्य में 20 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी।
- शिवहर से मीनापुर होते हुए कांटी तक के पथ का चौड़ीकरण।
- कुशहर के देकुली धाम तक के पथ का चौड़ीकरण।
- शिवहर में पुराने अस्पताल की जगह पर मातृ और शिशु अस्पताल के नए भवन का निर्माण।
- एस. एच-54 बेलवाघाट से तरियानी छपरा होते हुए देकुली धाम पथ का निर्माण।
सीतामढ़ी जिले के लिए प्रमुख घोषणाएं
- गन्ना किसानों के पूर्व के बकाये के भुगतान के लिए 52 करोड़ रुपए की स्वीकृति।
- गन्ना के मूल्य में 20 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी।
- बागमती नदी के दोनों तटबंधों का सुदृढ़ीकरण तथा उसके ऊपर सड़क का निर्माण।
- पुनौराधाम के विकास हेतु पंथ पाकर (डोली स्थान) के लिए जमीन की उपलब्धता के साथ-साथ विकास का कार्य।
- मेजरगंज प्रखंड में एक नए विद्युत ग्रिड स्टेशन का निर्माण।

Author: Intelligent Guru
इंटेलिजेंट डिजिटल न्यूज़ चैनल और सूचना प्रसारण मंत्रालय RNI रजिस्टर्ड है। हम आपको देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबरों को सबसे पहले अपडेट देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम सिर्फ सच और विश्वसनीय खबरें प्रसारित करते हैं।