- रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना के लिए 47 टैंक-72 ब्रिज लेइंग टैंक की खरीद के लिए आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड की इकाई हैवी व्हीकल फैक्ट्री के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
नई दिल्ली, रक्षा मंत्रालय ने आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड की हैवी व्हीकल फैक्ट्री के साथ 1,560.52 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत हैवी व्हीकल फैक्ट्री भारतीय सेना को 47 टैंक-72 ब्रिज लेइंग टैंक की आपूर्ति करेगी। 21 जनवरी को रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में रक्षा मंत्रालय और हैवी व्हीकल फैक्ट्री/ आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
ब्रिज लेइंग टैंक एक महत्वपूर्ण उपकरण है जिसका उपयोग आक्रामक अभियानों के दौरान पुलों का निर्माण करने के लिए किया जाता है। यह टैंक और बख्तरबंद वाहनों के बेड़े को अभिन्न पुल बनाने की क्षमता प्रदान करता है। इससे युद्ध के मैदान में गतिशीलता और आक्रामक क्षमता बढ़ती है। वर्तमान समझौते के अन्तर्गत खरीद होने से रक्षा क्षेत्र में मेक-इन-इंडिया पहल को बढ़ावा मिलेगा।
