- सिंगरौली में 16 लाख की नाली चोरी, नगर निगम में हड़कंप
सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर निगम की 16 लाख 33 हजार रुपये की लागत से बनी नाली रातों-रात गायब हो गई। यह घटना वार्ड नंबर 36 के जयनगर इलाके में हुई, जहां दिनेश प्रताप सिंह के घर से दिनेश प्रसाद के घर तक सड़क के किनारे बनी नाली का कोई अता-पता नहीं है। नाली के चोरी होने की खबर से नगर निगम में हड़कंप मच गया है, और अधिकारी इसकी तलाश में जुट गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस नाली के निर्माण के लिए 4 अगस्त 2023 को टेंडर जारी हुआ था। नाली बनाने का ठेका महाकाल ब्रदर्स, जयनगर को दिया गया था। कुल 18 लाख 72 हजार रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का 26 प्रतिशत हिस्सा एसओआर (शेड्यूल ऑफ रेट्स) के तहत था। काम पूरा होने के बाद उपयंत्री ने माप पुस्तिका में नाली की जांच की, तकनीकी स्टाफ ने मौके पर फोटो खींचे और दस्तावेजों में गुणवत्ता युक्त नाली बनने की पुष्टि की। इसके बाद 4 मार्च 2024 को ठेकेदार को 16 लाख 33 हजार रुपये का भुगतान भी कर दिया गया।
लेकिन अब जब नगर निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तो चौंकाने वाली बात सामने आई कि नाली वहां थी ही नहीं। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और लोग हैरान हैं कि इतनी महंगी नाली आखिर गायब कैसे हो गई। स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर है। कोई इसे मजाक बता रहा है तो कोई नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।
नगर निगम आयुक्त दया किशन शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा, “मामला मेरे संज्ञान में है। हम इसकी जांच कर रहे हैं और जरूरत पड़ी तो पुलिस की मदद भी ली जाएगी।” निगम अब यह पता लगाने में जुटा है कि नाली सचमुच चोरी हुई है या फिर कागजों में ही उसका निर्माण दिखाया गया।
यह घटना सिंगरौली नगर निगम की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। लोग मांग कर रहे हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल, नाली का रहस्य बरकरार है और नगर निगम की इस ‘गायब नाली’ की कहानी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Author: Intelligent Guru
इंटेलिजेंट डिजिटल न्यूज़ चैनल और सूचना प्रसारण मंत्रालय RNI रजिस्टर्ड है। हम आपको देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबरों को सबसे पहले अपडेट देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम सिर्फ सच और विश्वसनीय खबरें प्रसारित करते हैं।