- 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से पूरे देश में मनाया जा रहा है।
- गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है।
नई दिल्ली, गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है। गृह मंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। गणतंत्र दिवस भारत के संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था, सामाजिक समानता के प्रति दृढ़ता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी स्वतंत्रता सेनानियों और मजबूत गणतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। आइए, इस गणतंत्र दिवस पर मोदी जी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है।
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतवासियों को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएँ। यह हमारे लोकतंत्र का जश्न मनाने और हमारे संविधान में निहित विचारों और मूल्यों को संजोने का अवसर है। हमारे देश की निरंतर प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना।
भारत हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाता है। यह दिन भारत के संविधान के लागू होने और भारत को एक गणतांत्रिक राष्ट्र घोषित करने का दिन है। हालांकि भारत तो 15 अगस्त 1947 को ही एक स्वतंत्र राष्ट्र बन गया था जब सदियों की गुलामी के बाद इसे आजादी मिली थी,
लेकिन 26 जनवरी 1950 को संविधान अपनाने के साथ ही यह एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बन गया, जो अपने सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की रक्षा करता है। 26 जनवरी का दिन सिर्फ हमारे लोकतंत्र के उत्सव का ही दिन नहीं है बल्कि यह हमारे संविधान की सफलता का प्रतीक भी है।
