सिंगरौली: निगम सिंगरौली ने शहर में अवैध होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई शुरू की है। निगम आयुक्त डी.के. शर्मा के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी डी.के. सिंह ने माजन मोड़ से इंद्रा चौक और नवजीवन विहार तक लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाया। आयुक्त ने सख्त चेतावनी दी कि बिना अनुमति होर्डिंग लगाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ एफआईआर भी दर्ज होगी। निगम ने निर्धारित साइज और अनुमति के साथ ही होर्डिंग्स लगाने का नियम लागू करने की बात कही है।
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई महज दिखावा है। शहर में अवैध होर्डिंग्स का जाल वर्षों से फैला है, जो निगम कार्यालय, कलेक्ट्रेट और जिला प्रशासन की नाक के नीचे लगे रहते हैं। पहले मोइनुद्दीन द्वारा लगाए गए अवैध होर्डिंग्स पर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब जब ये होर्डिंग्स हवा और मौसम से फटने-खराब होने लगे, तब निगम ने इन्हें हटाने की कवायद शुरू की। लोगों का आरोप है कि यह कार्रवाई सिर्फ खानापूरी है और निगम की मिलीभगत से ही अवैध होर्डिंग्स लगते हैं।
स्थानीय निवासी रमेश यादव ने कहा, “निगम के सामने ही बैनर लगे रहते हैं, लेकिन कार्रवाई तब होती है जब मामला चर्चा में आता है। यह सब पब्लिसिटी के लिए है।” कई लोगों का मानना है कि निगम अवैध होर्डिंग्स से होने वाली कमाई में हिस्सेदारी लेता है और कार्रवाई सिर्फ पुराने, बेकार हो चुके है। निगम की इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह वाकई शहर को स्वच्छ बनाने की कोशिश है या फिर एक बार फिर दिखावटी कवायद?
