- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख दलों के नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को लुभाने में जुटे
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जंगपुरा में एक जनसभा की।
दिल्ली ,विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन है। प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार, वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता रोड शो, घर-घर जाकर प्रचार, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाएं कर रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जंगपुरा में एक जनसभा की। श्री शाह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली के लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के 10 साल के शासन में लोगों को भ्रष्टाचार, बर्बादी और दूषित पानी मिला है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी करोल बाग निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड़ शो किया। आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी आज दोपहर एक जनसभा और रोड शो करेंगे। वहीं दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने चुनाव जीतने का भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासन के दौरान लोगों के कल्याण के लिए काम किया है। श्री यादव ने कहा कि उनके 15 साल के शासन में 100 यूनिट मुफ्त बिजली, बच्चों को छात्रवृत्ति और वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन दी गई।
70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के चुनाव के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान बुधवार को होगा और वोटों की गिनती शनिवार को होगी।
