सिंगरौली। जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर वैढ़न में 200 बेड वाले अस्पताल में CED MAP कंपनी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों ने लंबित वेतन, पीएफ और बकाया राशि के भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो वे कल से शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार करने के लिए विवश होंगे। कर्मचारियों में सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड, वार्ड बॉय और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जबकि पिछले तीन महीने से पीएफ की राशि उनके खातों में जमा नहीं की गई है। इसके अलावा एरियर और अन्य बकाया राशि का भुगतान भी लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पद के अनुसार निर्धारित मानदेय भी पूरा नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि पहले भी वेतन समय पर नहीं दिया जाता था, जिससे उन्हें लगातार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे अस्पताल में पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों में दो महीने के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान, तीन महीने के पीएफ की जांच कर राशि खातों में जमा कराने, लंबित एरियर और बकाया राशि का भुगतान, पद के अनुसार निर्धारित मानदेय सुनिश्चित करने, कम भुगतान की जांच कर अंतर राशि दिलाने और भविष्य में हर महीने समय पर वेतन भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं, कर्मचारियों की मांगों के बीच जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात सामने आई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने मांगों का निराकरण नहीं होने पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन और संबंधित कंपनी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।
Author: Intelligent Guru
इंटेलिजेंट डिजिटल न्यूज़ चैनल और सूचना प्रसारण मंत्रालय RNI रजिस्टर्ड है। हम आपको देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबरों को सबसे पहले अपडेट देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम सिर्फ सच और विश्वसनीय खबरें प्रसारित करते हैं।


