सिंगरौली। विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र में 17 नवंबर की रात हुए भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन हत्याकांड में सिंगरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को अन्य राज्यों से साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक घटना उस समय हुई, जब फरियादी अपने साथियों के साथ नवानगर में आयोजित जन्मदिन की पार्टी से बोलेरो वाहन से सेक्टर-बी दुधीचुआ की ओर जा रहे थे। सीएमपीडीआई के आगे ब्रेकर के पास सामने से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन आने के बाद विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि इसके बाद गोविंद वर्मा, सागर वर्मा, विक्की, समीर वर्मा, अजय वर्मा और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और फरियादी तथा उसके साथियों पर चाकू एवं लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
हमले में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन, उम्र 24 वर्ष, निवासी एमक्यू-488 सेक्टर-बी जयंत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वहीं अन्य लोगों को भी चोटें आईं। मामले में विन्ध्यनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार साइबर सेल सिंगरौली की मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर छह आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद वर्मा, सागर वर्मा, शैलेन्द्र उर्फ समीर वर्मा, हिमांशु सिंह, अजय वर्मा और अरविंद वर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन भी जब्त किए हैं। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों में गोविंद वर्मा, सागर वर्मा, समीर वर्मा, अजय वर्मा और अरविंद वर्मा का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। कार्रवाई में विन्ध्यनगर, बैढ़न, माड़ा, नवानगर, बरगवां थाना पुलिस, जयंत, बंधौरा, गोरवी एवं खुटार चौकी पुलिस सहित साइबर सेल की भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
Author: Intelligent Guru
इंटेलिजेंट डिजिटल न्यूज़ चैनल और सूचना प्रसारण मंत्रालय RNI रजिस्टर्ड है। हम आपको देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबरों को सबसे पहले अपडेट देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम सिर्फ सच और विश्वसनीय खबरें प्रसारित करते हैं।


